नई दिल्ली. कई राज्यों के शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2023 के लिए बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके बावजूद लगभग एक करोड़ छात्रों को अपनी बोर्ड परीक्षा की डेट शीट का इंतजार है। कुछ राज्यों में शिक्षा बोर्ड की ओर से अनुमानित तिथियों की घोषणा भी गई है। लेकिन देश में दो सबसे बड़े शिक्षा बोर्डों उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा अभी आधिकारिक बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा नहीं की गई है। इस खबर में विभिन्न राज्य और उनके शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी किया गया परीक्षा कार्यक्रम साझा किया गया है।
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन की ओर से इंडियन सर्टिफिकेट सेकेंडरी एग्जामिनेशन कक्षा 10वीं की परीक्षा 27 फरवरी, 2023 से 29 मार्च, 2023 तक आयोजित की जाएगी। वहीं, सीआईएससीई आईएससी कक्षा 12वीं की परीक्षा 13 फरवरी, 2023 से 31 मार्च, 2023 तक आयोजित की जाएगी।
मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने कक्षा 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2023 की तारीखों में बदलाव किया है। एमपी बोर्ड 10वीं की परीक्षा एक मार्च से 27 मार्च तक चलेगी। जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षा दो मार्च को शुरू होगी और एक अप्रैल, 2023 को समाप्त होगी।
पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने कक्षा 10वीं, 12वीं वार्षिक बोर्ड परीक्षा 2023 की तारीख की घोषणा कर दी है। आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, वार्षिक परीक्षाएं फरवरी-मार्च 2023 में आयोजित की जानी हैं। दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 21 मार्च, 2023 से 18 अप्रैल, 2023 तक जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी, 2023 से 13 अप्रैल, 2023 तक होगी।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2023 में बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम की संक्षिप्त घोषणा कर दी है। बोर्ड परीक्षाएं 2023 में मार्च, अप्रैल के मध्य होंगी और जनवरी, फरवरी में प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। यह जानकारी उत्तराखंड बोर्ड के सभापति आरके कुंवर ने दी थी।
कर्नाटक स्कूल परीक्षा और मूल्यांकन बोर्ड ने मार्च / अप्रैल 2023 मुख्य परीक्षा के लिए कर्नाटक एसएसएलसी परीक्षा 2023 टाइम-टेबल जारी कर दिया है। आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, कर्नाटक एसएसएलसी 2023 के लिए परीक्षा 31 मार्च, 2023 से शुरू होगी और 15 अप्रैल, 2023 को समाप्त होगी। वहीं, कक्षा 12वीं यानी सेकंड प्री-यूनिवर्सिटी सर्टिफिकेट (पीयूसी) परीक्षा नौ मार्च, 2023 से शुरू होगी और 29 मार्च, 2023 तक आयोजित की जाएगी।
केरल परीक्षा भवन की ओर से अपनी आधिकारिक वेबसाइट sslcexam.kerala.gov.in पर केरल एसएसएलसी 2023 टाइम-टेबल जारी कर दिया गया है। आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, केरल में प्लस वन कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए परीक्षा नौ मार्च, 2023 से शुरू होगी और 29 मार्च, 2023 को समाप्त होगी। वहीं, उच्च माध्यमिक शिक्षा निदेशालय (DHSE), केरल ने प्लस टू यानी 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2023 के लिए डेटशीट जारी कर दी है। डीएचएसई केरल के शेड्यूल के मुताबिक, हायर सेकेंडरी और वोकेशनल हायर सेकेंडरी एग्जाम (VHSE) की परीक्षाएं 10 मार्च, 2023 से आयोजित की जाएंगी और 30 मार्च, 2023 को समाप्त होंगी।
सरकारी परीक्षा निदेशालय, तमिलनाडु ने कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए परीक्षा 2023 की तारीखों की घोषणा की है। तमिलनाडु 10वीं की परीक्षा 06 अप्रैल से 20 अप्रैल, 2023 तक होगी। जबकि तमिलनाडु कक्षा 12वीं की परीक्षा 13 मार्च 2022 से तीन अप्रैल, 2022 तक होगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अभी तक यूपी बोर्ड परीक्षा तिथि 2023 की घोषणा नहीं की है। हालांकि, छात्र यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा तिथि पत्र 2023 जल्द ही जारी होने की उम्मीद कर सकते हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यूपी बोर्ड मार्च 2023 से मई 2023 के बीच 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा आयोजित करेगा।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की डेट शीट जारी होने का लाखों उम्मीदवार, शिक्षक और अभिभावक इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी, 2023 से शुरू होने के आसार हैं।
बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा कक्षा 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा 2023 का आयोजन मार्च में किया जा सकता है। अभी परीक्षा तिथियों को लेकर कोई आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।