मेरठ. संतान पैदा न होने का दंश एक विवाहिता को झेलना पड़ रहा है। आरोप है कि संतान न होने पर ससुरालियों का विवाहिता ने उत्पीड़न सहा। अब विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी ससुराल से लापता हो गई है। पीड़ित पिता ने ससुरालियों पर उसे गायब करने का आरोप और किसी अनहोनी की आशंका जाहिर करते हुए कंकरखेड़ा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोदीनगर निवासी पृथ्वी सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी जनवरी 2010 में कंकरखेड़ा की शिवलोकपुरी निवासी युवक से की थी। हालांकि शादी के बाद से ही विवाहिता को ससुराल वालों के उत्पीड़न का सामना करने को मिल गया था। उसके बाद विवाहिता को संतान होने पर ससुरालियों के अत्याचार बढ़ने लगे। छोटी-छोटी बातों पर उसे ताने दिए जाने लगे। कई बार पंचायत भी हुई, मगर कोई समाधान नहीं निकला।
पृथ्वी सिंह ने पुलिस को बताया कि 22 जून की रात में उनके मोबाइल पर दामाद का फोन आया और उनकी बेटी से पीछा छुड़ाने की बात कही। उसके बाद पिता बेटी की ससुराल कंकरखेड़ा पहुंच गए। मगर, वहां पर उनकी बेटी नहीं मिली। ससुराल वालों ने जहां भी विवाहिता के होने की जगह बताई, वहीं पर पीड़ित पिता पहुंचे, मगर उनकी बेटी नहीं मिली। पीड़ित पिता को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। इंसपेक्टर का कहना है कि तहरीर पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।