मेरठ। मोदीपुरम में सिवाया टोल प्लाजा पर किसान यूनियन के अलग-अलग संगठनों के हंगामा कर धरना देने के मामले में टोल प्रबंधक की तहरीर पर दौराला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने चार नामजद व 30 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं, भाकियू अजगर ने मुकदमे के विरोध में सोमवार को दौराला थाने का घेराव करने की बात कही।
शनिवार को भारतीय किसान यूनियन एकता शक्ति व भारतीय किसान यूनियन अजगर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने टोल पर हंगामा कर दो लाइन पर कब्जा कर लिया था। इस दौरान वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और टोल पर जाम की स्थिति बनी रही। टोल अधिकारियों व पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर शांत किया था। दो दिन से लगातार दो संगठनों ने टोल पर धरना दिया, जिस कारण वाहन चालक भीषण गर्मी में परेशान रहे।
इस मामले में टोल प्रबंधक अनुज सोम ने एक संगठन के तीन नामजद व 15 अज्ञात व दूसरे संगठन के एक नामजद व 15 अज्ञात पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय किसान यूनियन एकता शक्ति के अभिषेक त्यागी, अक्षित शर्मा, दिनेश भाटी व 15 अज्ञात और दूसरे संगठन भारतीय किसान यूनियन आंदोलनकारी के पवन भाटी और 15 अज्ञात पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। दौराला थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिलाध्यक्ष परवेज आलम ने बताया कि आए दिन टोल प्लाजा पर कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने इसकी जानकारी संगठन को दी, जिसको लेकर मीटिंग का आयोजन किया गया और टोल पर धरने का निर्णय लिया गया था। रविवार को पदाधिकारी व कार्यकर्ता सिवाया टोल प्लाजा पर पहुंचे और हंगामा करते हुए धरना दिया। उन्होंने कहा कि जब तक टोल अधिकारी पदाधिकारियों को आश्वासन नहीं देंगे कि भविष्य में कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार नहीं किया जाएगा, धरना जारी रहेगा। मौके पर पहुंचे टोल अधिकारियों व पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर शांत किया और धरना समाप्त कराया।
भारतीय किसान यूनियन अजगर के प्रदेश प्रभारी व जिला अध्यक्ष पवन गुर्जर के नेतृत्व में सोमवार को थाना दौराला का घेराव किया जाएगा। पवन गुर्जर ने बताया कि टोल प्रबंधक व टोल कर्मी कार्यकर्ताओं से अभद्र व्यवहार, जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते है और उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करा दिया गया। मुकदमे के विरोध में सोमवार को सैकड़ों कार्यकर्ता दौराला थाने पहुंच कर घेराव करेंगे और मांगें पूरी नहीं होने तक धरना जारी रहेगा। कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन धरना सिवाया टोल प्लाजा पर शुरू किया जाएगा।