मेरठ। रेलवे ने इंदौर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले तक चलाया है। ट्रेन का विस्तार होने से अब मेरठ के यात्री हिमाचल के ऊना तक सीधे यात्रा कर सकेंगे।
मेरठ जनपद के यात्री अब हिमाचल प्रदेश के ऊना तक सीधी रेल यात्रा कर सकेंगे। रेलवे ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए गाड़ी संख्या 19307/19308 इंदौर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस का 14 मार्च से ऊना हिमाचल प्रदेश तक विस्तार किया है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी दीपक कुमार के अनुसार 14 मार्च को 19307 इंदौर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ऊना हिमाचल तक चलेगी। चंडीगढ़ पर प्रातः 05:00 बजे आकर ये रेलगाड़ी यहां से प्रातः 05:10 बजे प्रस्थान कर उसी दिन सुबह 08.35 बजे ऊना हिमाचल पहुंचेगी।
वापसी दिशा में 15 मार्च को गाड़ी संख्या 19308 चंडीगढ़- इंदौर एक्सप्रेस ऊना से दोपहर 01.50 बजे चलकर उसकी दिन शाम 04:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ से यह रेलगाड़ी शाम 04.30 बजे इंदौर के लिए चलेगी।
यात्रा विस्तार दिए गए मार्ग में यह ट्रेन दोनों दिशाओं में साहिबज़ादा, अजीत सिंह नगर (मोहाली), मोरिंडा, रूपनगर, आनन्दपुर साहिब, नंगल डैम पर रुकेगी। यह ट्रेन सप्ताह में शुक्रवार और शनिवार को चलती है। चंडीगढ़ जाते हुए यह ट्रेन मेरठ में रात्रि 12.55 बजे आती है तथा वापसी में रात 8.26 बजे मेरठ से होकर इंदौर जाती है।