मुज़फ्फरनगर : शहर कोतवाली क्षेत्र के शामली रोड पर प्राइवेट बस ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान महिला ने अपने कानों में ईयर फोन लगा रखा था। महिला को पीछे से आ रही प्राइवेट बस के बारे में पता हीं चला। इसी बीच महिला को बस ने अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी पूजा पत्नी अतुल रविवार दोपहर बाद शामली मार्ग से स्कूटी पर सवार होकर जा रही थी। महिला ने अपने कानों में ईयर फोन लगा रखा था। मुजफ्फरनगर की तरफ से शामली की तरफ जा रही स्कूटी सवार महिला को प्राइवेट बस ने अपनी चपेट में ले लिया। ईयर फोन कानों में लगे होने के कारण महिला को बस के आने का पता हीं चला। हादसे में महिला को सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आयी।
हादसे के बाद चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला की शिनाख्त कर परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के संबंध में अभी तक थाने पर तहरीर नहीं दी गयी है।