बागपत| बागपत जनपद में कोतवाली पुलिस ने रटौल में एक मकान में अवैध रूप में किया जा रहा पशु कटान पकड़ा। पुलिस को देखकर आरोपी भाग गए। पुलिस ने मौके से पशु कटान के अवशेष बरामद कर दो लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार रटौल कस्बे के रहने वाले एक युवक ने कोतवाली पुलिस को एक मकान में पशु कटान किए जाने की सूचना दी। सूचना मिलने पर रटौल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मकान का दरवाजा बंद मिला।
मकान से नाली में खून बह रहा था। पुलिस कर्मी दरवाजा खोलकर मकान में घुस गए। पुलिस को देखकर पशु कटान कर रहे दो आरोपी दीवार से कूदकर भाग गए। पुलिस ने मौके से पशु कटान के अवशेष एक पशु का मुंह, चार टांग, खाल और 40 किलो मांस के टुकड़े बरामद किए। बरामद अवशेष भैंस के हैं।
पुलिस ने आरोपियों का पीछा भी किया। लेकिन आरोपी पकड़ में नही आए। चौकी प्रभारी आदित्य कुमार ने पशु कटान करने वाले फरार दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में अवैध पशु कटान की धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सीओ प्रीता सिंह का कहना हैं कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। गिरफ्तार कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।