नई दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित तौर पर धमकी देने के मामले में पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को बीजेपी नेता तेजिंदरपाल सिंह बग्गा को राष्ट्रीय राजधानी में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का ये मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक, बग्गा को अरेस्ट कर ले जाने वाले पंजाब पुलिस की टीम पर दिल्ली के जनकपुरी थाने में अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया है। दूसरी तरफ, बग्गा को लेकर जा रही पंजाब पुलिस के काफिले को हरियाणा पुलिस ने रोक लिया है। तकरीबन 11 बजे से ही कुरुक्षेत्र में पंजाब पुलिस की टीम को रोककर रखा गया है। इस बीच पंजाब पुलिस ने हरियाणा के डीजीपी को एफआईआर की कॉपी भेजकर बताया है कि मामला अपहरण का नहीं है। वहीं हरियाणा का कहना है कि बग्गा को दिल्ली पुलिस के हवाले किया जाएगा। नाटकीय ढंग से मामला उलझता जा रहा है।
बग्गा को लेकर जा रही पंजाब पुलिस के काफिले को हरियाणा पुलिस ने रोका
तेजिंदरपाल सिंह बग्गा को गिरफ्तार करके दिल्ली से पंजाब ले जा रही पुलिस की टीम को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया। वहां हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम पंजाब की पुलिस टीम से पूछताछ कर रही है। बग्गा को लेकर पंजाब पुलिस की टीम घंटों से हरियाणा पुलिस के कब्जे में है। बग्गा को कुरुक्षेत्र के पिपली सदर पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। अब खबर है कि दिल्ली पुलिस बग्गा को लेकर दिल्ली आ रही है।
पंजाब पुलिस ने हरियाणा के डीजीपी को लिखा- मामला अपहरण का नहीं
बग्गा को लेकर जा रही टीम को हरियाणा में रोके जाने के बाद पंजाब पुलिस ने हरियाणा के डीजीपी को खत लिखा है। पंजाब पुलिस ने खत के साथ बग्गा के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर की कॉपी भी भेजी है। खत में कहा गया है कि ये किडनैपिंग का केस नहीं है। बग्गा को जांच में सहयोग के लिए 5 बार नोटिस भेजा गया। हरियाणा पुलिस गैरजरूरी तौर पर पंजाब पुलिस का काम रोक रही है। पंजाब पुलिस के एडीजी भी कुरुक्षेत्र पहुंच रहे हैं।
हरियाणा पुलिस चीजों का सत्यापन कर रही है। उनकी (तेजिंदर बग्गा की) गिरफ्तारी की वीडियो बनाई है। मोहाली में इनके खिलाफ FIR दर्ज है। हमने उनको जांच में सहयोग करने के लिए नोटिस भी भेजा था जिसके बाद इनको गिरफ्तार किया है।
कुरुक्षेत्र पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम, हरियाणा के गृह मंत्री बोले- पंजाब को नहीं देंगे बग्गा
बग्गा की गिरफ्तारी के मामले में सुबह से ही नाटकीय घटनाक्रम जारी है। इस बीच टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि बग्गा को पंजाब पुलिस को नहीं बल्कि दिल्ली पुलिस को सौंपा जाएगा। कुरुक्षेत्र के पिपली सदर पुलिस स्टेशन में दिल्ली पुलिस की टीम का इंतजार किया जा रहा था। इस बीच दिल्ली पुलिस की टीम भी कुरुक्षेत्र पहुंच गई है। मामला इतना नाटकीय हो गया है कि बग्गा को गिरफ्तार कर ले जाने वाली पंजाब पुलिस की टीम पर ही गिरफ्तारी की तलवार लटकने लगी है।
हाई कोर्ट जाएगी पंजाब पुलिस
बग्गा को गिरफ्तार कर पंजाब ले जा रही पुलिस टीम को हरियाणा में रोके जाने के खिलाफ पंजाब पुलिस हाई कोर्ट का रुख करेगी।
पंजाब पुलिस की टीम के खिलाफ दिल्ली में अपहरण का केस दर्ज
इस बीच बग्गा को गिरफ्तार करने वाली पंजाब पुलिस की टीम के खिलाफ दिल्ली के जनकपुरी थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी में तय मानकों और प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने की वजह से दिल्ली पुलिस ने ये केस दर्ज किया है। हालांकि, टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है।