गाजियाबाद. गाजियाबाद जिले के वसुंधरा के सेक्टर-15 में शुक्रवार दोपहर प्रापर्टी डीलर विकास मीणा ने अपनी बैंक मैनेजर पत्नी काम्या (40) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी पति ने पत्नी पर 20 से ज्यादा चाकू से वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छत पर चढ़ा और नीचे कूद गया। इस दौरान रेलिंग का सरिया उसकी जांघ में घुस गया। उसकी चीख सुनकर पड़ोस के लोग जमा हुए। सूचना पुलिस मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। काम्या के पिता सर्वण दास ने दामाद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। इंडियन ऑयल से सेवानिवृत जगदीश मीणा के अनुसार, वह पत्नी, बेटे विकास मीणा, बहू काम्या मीणा (40), पोते गर्वित और रूद्र के साथ रहते थे। विकास और काम्या का 11 साल पहले प्रेम विवाह हुआ था।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे विकास ने काम्या पर कई बार चाकू से वार किए। उन्होंने बेटे को पकड़कर बहू को बचाने का प्रयास किया। विकास उनके चंगुल से छूटकर ऊपर दो मंजिला की छत पर चढ़ गया। वहां से नीचे कूद गया। घटना की सूचना पर इंदिरापुरम पुलिस पहुंची और काम्या व विकास को पास के निजी अस्पताल में भर्ती करया। जहां डॉक्टरों ने काम्या को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ने घटनास्थल से चाकू बरामद किया है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किया
जगदीश मीणा ने बताया कि बृहस्पतिवार को विकास ने बहू को एक युवक के साथ बाहर देख लिया था। दोनों एक गाड़ी में सवार थे। इस बात को लेकर दोनों का विवाद हुआ था। शाम को जब काम्या घर पहुंची तो वहां भी परिवार के बीच काफी बातचीत हुई। विवाद बढ़ने पर शुक्रवार को काम्या ने ऑफिस से छुट्टी ले ली और घर में बच्चों के साथ समय बिताया। दोपहर में काम्या के रसोई में काम करने के दौरान अचानक विकास वहां गया और चाकू से कई बार उसकी पीठ पर वार कर दिया।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि 30 जुलाई को विकास के छोटे बेटे रूद्र का जन्मदिन है। वह उसके जन्मदिन की पार्टी करने के लिए काफी उत्सुक था। रिश्तेदार और दोस्त और मिलने-जुलने वालों को आमंत्रित किया हुआ था लेकिन बेटे के जन्मदिन से पहले ही उसके सिर से मां की ममता का आंचल छूट गया।
विकास के पिता जगदीश ने बताया कि वह शक को लेकर विकास को समझा रहे थे। एक दिन दोनों का काफी झगड़ा भी हुआ था। सुबह भी काम्या सामान लेकर घर मायके जा रही थी लेकिन उन्होंने पिता को बुलाकर मामले को सुलझाने का भरोसा दिया था।
क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम तृतीय अभय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी विकास की इलाज चल रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। शक के आधार पर घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही है। आरोपी का उपचार होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। आरोपी के दोनों मोबाइल को कब्जे में ले लिया गया है।