हिमाचल प्रदेश से पहली बार विश्वविद्यालय का कोई कुलपति राज्यसभा सदस्य बनेगा। राज्य विश्वविद्यालय शिमला के कुलपति डॉ. सिकंदर कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने से शिक्षा जगत से जुड़े लोगों में खुशी की लहर है। हिमाचल प्रदेश से अभी तक राजनीतिक पृष्ठभूमि वालों को ही राज्यसभा में भेजा जाता रहा है।
प्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी कुलपति को उच्च सदन में भेजा जा रहा है। प्रदेश की ओर से वर्तमान में तीन राज्यसभा सदस्य हैं। वर्ष 1956 से 2016 तक प्रदेश के कोटे से 15 लोग राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। डॉ. सिकंदर कुमार के राज्यसभा जाने पर हिमाचल विश्वविद्यालय के नए कुलपति की नियुक्ति के लिए सर्च कमेटी आवेदन आमंत्रित करेगी। राज्यपाल की मंजूरी के बाद अप्रैल के पहले सप्ताह तक कुलपति के पद पर नई नियुक्ति होगी। राज्य विश्वविद्यालय में नए कुलपति की नियुक्ति के लिए नियमानुसार विज्ञापन जारी किया जाएगा। आवेदनों की छंटनी के बाद सर्च कमेटी की ओर से कुछ नामों का चयन किया जाएगा। सरकार से चर्चा करने के बाद राज्यपाल नए कुलपति के नाम की घोषणा करेंगे।
हिमाचल से कौन कब बना राज्यसभा सदस्य
नाम पार्टी कार्यकाल
लीला देवी कांग्र्रेस 3/12/1956 से 2/4/1962
शिवा नंद रामौल कांग्रेस 3/4/1962 से 2/4/1968
सत्यवती डांग कांग्रेस 3/4/1968 से 2/4/1974
जगन नाथ भारद्वाज कांग्रेस 10/4/1972 से 9/4/1978
ज्ञान चंद टुटू कांग्रेस 3/4/1974 से 2/4/1980
ऊषा मल्होत्रा कांग्रेस 3/4/1980 से 2/4/1986
चंदन शर्मा कांग्रेस 3/4/1986 से 2/4/1992
कृष्णलाल शर्मा भाजपा 10/4/1990 से 9/4/1996
महेश्वर सिंह भाजपा 3/4/1992 से 2/4/1998
चंद्रेश कुमारी कांग्रेस 10/4/1996 से 9/4/2002
अनिल शर्मा एचवाईसी 3/4/1998 से 2/4/2004
कृपाल परमार भाजपा 3/4/2000 से 2/4/2006
सुरेश भारद्वाज भाजपा 10/4/2002 से 9/1/2008
शांता कुमार भाजपा 10/4/2008 से 9/4/2014
विमला कश्यप भाजपा 3/4/2010 से 2/4/2016
वर्तमान राज्यसभा सदस्य
नाम पार्टी कार्यकाल
आनंद शर्मा कांग्रेस 3/4/2016 से 2/4/2022
जगत प्रकाश नड्डा भाजपा 3/4/2018 से 2/4/2024
इंदु गोस्वामी भाजपा 10/4/2020 से 9/4/2026
पूर्व कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी के कार्यकाल में विवि के शिक्षकों को सक्रिय राजनीति में भाग लेने और चुनाव लड़ने को दी जाने वाली छूट जो समाप्त कर दिया गया था। हालांकि, वर्तमान कुलपति प्रो. सिकंदर ने सितंबर 2018 में ईसी से इस छूट को जारी रखने का प्रस्ताव पारित करवाकर तत्कालीन राज्यपाल आचार्य देवव्रत को भेजा था, जो आज तक मंजूर नहीं हुआ।
तीन अगस्त 2018 को वीसी बने, दो अगस्त 2021 को मिला सेवाविस्तार
प्रो. सिकंदर कुमार ने 3 अगस्त 2018 को हिमाचल प्रदेश विवि के कुलपति का पदभार संभाला था। 2 अगस्त 2021 को उनका कार्यकाल समाप्त होने पर उन्हें एक साल का सेवाविस्तार दिया गया। दो अगस्त 2022 को उनका यह कार्यकाल समाप्त होना था। कार्यकाल समाप्त होने से करीब पांच माह पहले ही उनको भाजपा ने राज्यसभा का उम्मीदवार बना दिया। हालांकि कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार की नियुक्ति को कोर्ट में भी चुनौती दी थी।