अलीगढ़ अचलेश्वर सेवा समिति द्वारा बृहस्पतिवार को महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत शिव-पार्वती शोभायात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ शहर विधायक संजीव राजा व पूर्व महापौर शकुंतला भारती ने किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने शिव-पार्वती डोले के दर्शन किए।
शोभायात्रा अचलताल स्थित अचलेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर पालीवाल इंटर कॉलेज, हाथरस अड्डा, दुबे का पड़ाव होते हुए रामलीला मैदान पर समाप्त हुई। इस दौरान गणेश, राधा-कृष्ण, काली, लड्डू गोपाल सहित अन्य झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोहा। शोभायात्रा के दौरान भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कई जगह लोगों ने काली से खप्पर भरवाया। प्रसाद वितरित किया गया। समिति द्वारा शुक्रवार को सुंदर कांड पाठ आयोजित होगा। इस मौके पर महामंत्री अनिल बजाज, इंद्र गोपाल वार्ष्णेय, राज बहादुर गुप्ता, मनोज शर्मा, मुकेश साईं, अनिल शिव, जय शंकर उपाध्याय, अशोक अग्रवाल, दिनेश वर्मा, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद