मेरठ. गंगा दशहरा पर गुरुवार को गंगा और यमुना में नहाते समय डूबने से एक किशोरी समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि एक किशोर की नहर में डूबने से मौत हुई है। एक व्यक्ति की गंगा में तलाश जारी है। कई लोगों को गोताखोर की मदद से सकुशल बचा लिया गया। स्वजन बिना किसी कार्रवाई के शव साथ ले गए।
बुलंदशहर में खुर्जा की पंजाबियान कालोनी निवासी हर्ष अनूपशहर क्षेत्र के भैरिया-हरिद्वारपुर गंगा घाट पर स्नान करते समय डूब गया। नरौरा के राजघाट में अलीगढ़ की तहसील खैर के ग्राम नयाल निवासी कोमल परिवार के साथ गंगा स्नान करने आया था। कच्चे घाट पर स्नान करते समय डूब गया।
बुलंदशहर मंडी चौकी क्षेत्र के गांव कुतकपुर निवासी इंद्राज तीन साथियों के साथ अहार के फतेहपुर मड़ैया के निकट कच्चे घाट पर नहाने लगा। पैर फिसलने के कारण इंद्राज डूब गया। उसकी तलाश की जा रही है।
मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र के गांव पावटी निवासी तासीन का पुत्र शाहनवाज दोस्तों के साथ कुटेसरा नहर में नहाते समय डूब गया। मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र के मखदूमपुर गंगा घाट पर थाना रोहटा के किनौनी गांव निवासी किशोरी चीनू शर्मा की गंगा में स्नान करते समय डूबने से मौत हो गई।
गंगा दशहरा स्नान पर यमुना नदी में स्नान करने आए हरियाणा के एक युवक और एक किशोर की डूबकर मौत हो गई। गोताखोरों ने दोनों के शव बाहर निकाले। गुरुवार को गंगा दशहरा के पर्व पर यमुना नदी में हरियाणा व यूपी के हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान किया।
स्नान के दौरान हरियाणा के पानीपत के गांव छाजपुर खुर्द निवासी 17 वर्षीय सोनू पुत्र धर्मसिंह व 27 वर्षीय सागर पुत्र नरेश डूब गए। पता चलते ही वहां तैनात गोताखोरों ने यमुना नदी में उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी देर बाद दोनों के शव बरामद हो गए।
यमुना चौकी प्रभारी राहुल सिसोदिया से दोनों मृतकों के स्वजन ने बिना कार्रवाई के शवों को सौंपने की गुहार लगाई। चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों के शवों को उनके स्वजन को सौंप दिया गया।