बिजनौर। हैंडपंप के हैंडल से हमला कर ससुर की हत्या करने वाले आरोपी दामाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बढ़ापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाई वाला निवासी विपिन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन गीता की शादी नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर निवासी नाथे सिंह के पुत्र मोनू के साथ हुई थी। आरोप लगाया गया कि मोनू अक्सर उसकी बहन गीता के साथ मारपीट करता रहता था।
24 फरवरी को बहन के साथ जीजा मोनू ने मारपीट की। इसकी सूचना मिलने के बाद वह अपने पिता टीकम सिंह और मां मुन्नी के साथ बहन की ससुराल फतेहपुर पहुंचे। हंगामा होने पर जीजा मोनू ने अपने चाचा मुन्नू, पिता नाथे के अलावा एक अन्य नरेश को बुला लिया। इसी दौरान मोनू ने हैंडपंप के हैंडल से वार कर उसके पिता टीकम सिंह की हत्या कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि मुख्य आरोपी मोनू को गिरफ्तार कर लिया है।