मेरठ.मेरठ में गर्मी का प्रकोप शहरवासियों के लिए कष्टकारी साबित हो रहा है। मई और जून में पडऩे वाली तपिश अप्रैल में ही देखने को मिल रही है। शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन तापमान 40 से ऊपर रहा। पिछले सालों में इस माह जहां यदा-कदा तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाता था, गुरुवार को सर्वकालिक रिकार्ड को तोडऩे के बाद शुक्रवार को भी गर्मी का कहर जारी है।
धूल भरी आंधी की आशंका
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम 21.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शनिवार को आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। इसके अलावा दो मई को धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। वहीं मेरठ के आसपास के जिलों में भी आसमान से आग बरस रही है।
अप्रैल में इस तरह रहा तापमान
तिथि अधिकतम तापमान
29 42.3
28 42.7
27 40.8
26 40.2
25 40.6
बागपत में पारा 44 डिग्री पर पहुंचा
वहीं दूसरी ओर बागपत में गर्मी और लू के थपेड़ों ने कहर बरपा रखा है। गुरुवार को बागपत में पारा 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गर्मी के साथ ही घंटों की बिजली कटौती से लोग बेहाल रहे। गर्मी का प्रकोप दोपहर में असहनीय हो गया। जिन लोगों को जरूरी कार्य से घर से बाहर निकलना पड़ा उनका बुरा हाल हो गया। हीट स्ट्रोक के कई मामले अस्पतालों में आए। न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री रहा। सीमावर्ती जनपद मुजफ्फरनगर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री व बिजनौर में 39.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में पारा 43 डिग्री के पार रहा। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम विज्ञानी डा. एन. सुभाष ने बताया कि शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। अगले दो दिनों में तापमान 45 पार कर सकता है।
सोमवार को मिल सकती है गर्मी से राहत
मौसम विज्ञानियों के अनुसार पंजाब में एक मई तक लू का प्रभाव और बढ़ेगा। इस वजह से पंजाब के कई जिलों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दो व तीन मई को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है। हिमाचल प्रदेश में मौसम में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। उत्तराखंड में गर्मी बेहाल करने वाली है। मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान जताया है। इस दौरान मैदानों में तेज हवा चलने की आशंका है।