कानपुर : शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गईं। लड़की वालों के घर बारात को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी थी। बारातियों का अब केवल इंतजार हो रहा था। इसी दौरान दुल्हन नहाने के लिए बाथरूम में चली गई।
काफी देर तक दुल्हन बाथरूम से नहीं निकली तो मां बाथरूम के पास पहुंची और दरवाजा खटखटाया। बाथरूम से जब कोई आहट नहीं मिली तो घर वालों को चिंता हुई। इसके बाद बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया। बाथरूम के अंदर दुल्हन जिस अवस्था में मिली उसे देखकर मां के होश उड़ गए। घर वालों में भी चीख-पुकार मच गई।
सेन पश्चिमपारा थानाक्षेत्र के गोपाल नगर आरा मशीन रोड निवासी अमोल सिंह सैन्य सेवा से रिटायर हैं। इन दिनों वह उन्नाव स्थित प्राइमरी स्कूल में शिक्षक हैं। उनकी 25 वर्षीय बेटी अनुपमा सिंह की शनिवार को बर्रा से बारात आनी थी।
शनिवार सुबह दस बजे तक जब अनुपमा तैयार नहीं हुई तो उसने नहाकर पार्लर जाने की बात कही और बाथरूम में चली गई। काफी देरतक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो वह फर्श पर अचेत पड़ी हुई थी।
उसके मुंह से झाग निकल रहा था। आनन-फानन में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची सेन पश्चिमपारा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं बेटी की मौत से मां कुसुम और भाई प्रवीण का रो-रोकर बुरा हाल है। सेन पश्चिमपारा थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
शादी वाले दिन ही सारी खुशियां काफूर हो गईं। लड़की की बारात आने को लेकर सभी तैयारियां हो गई थीं। मेहमानों से घर पटा पड़ा था। महिलाएं घर में मंगलगीत गा रही थीं। बारात आने में महज अब कुछ घंटे ही बाकी रह गए कि अचानक घर में मातम छा गया। दुल्हन के एक कदम ने शादी खुशियों में पलभर में ग्रहण लगा दिया।
दुल्हन ने बाथरूम में जाकर जहर खा लिया और उसकी मौत हो गई। दुल्हन ने ऐसा कदम क्यों उठाया है इस बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। बेटी की मौत से दुल्हन की मां की हालत खराब हो गई। भाई का भी रो-रोकर बुरा हाल था। मां बार-बार यही कह रही थी कि आज तो बेटी की डोली उठनी थी। डोली की जगह अब उसकी अर्थी उठेगी।