प्रतापगढ़। घर में घुसे बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर दारोगा की मां को कुल्हाड़ी से वार करके मार ला। यह सनसनीखेज घटना कोहंड़ौर थाना के लौली पोख्ता खाम गांव की है। यहां के निवासी दारोगा मोहित यादव कानपुर के नजीराबाद थाने में तैनात हैं। घर पर उनकी 65 साल की मां मंजू देवी बहू शिखा के साथ रहती थीं।
सोमवार रात करीब तीन बजे चोर घर में घुसे और मंजू देवी ने देख लिया। उन्होंने शोर मचाया और बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान एक बदमाश ने कुल्हाड़ी से मंजू पर कई वार कर दिया। दारोगा की पत्नी शिखा ने घर से निकल कर शोर मचाना शुरू किया, इस बीच बदमाश भाग निकले।
अस्पताल ले जाने से पहले ही मंजू देवी की मौत हो गई। मौके पर एएसपी पूर्वी विद्यासागर मिश्र सहित कई अधिकारी पहुंचे हैं। इस वारदात के पीछे गांव के दो लोगों पर संदेह है। उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।