मुज़फ्फरनगर। खतौली में जानसठ मार्ग ओवरब्रिज के नीचे रेल लाइन पार करते समय एक ट्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। रविवार को मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी शगुफ्ता ( 35) दोपहर के समय रेल लाइन पार कर रही थी। तभी मेरठ की ओर से आ रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर जीआरपी ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पति इस्तेखार ने बताया कि वह घर के कार्य से बाजार के लिए गई थी। महिला की मौत से परिवार में शोक छाया है।
रेलवे ओवरब्रिज के नीचे अंडरपास बनाए जाने की मांग नागरिक काफी समय से कर रहे हैं। पुल के दोनों ओर बड़ी आबादी है तथा दोनों ओर ही विद्यालय भी हैं। लोग शार्टकट के चक्कर में बड़ी संख्या में पुल के नीचे से गुजरते हैं। नागरिकों का कहना है कि श्मशानघाट पहुंचने के लिए लोगों को लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ता है। इस स्थान पर अंडरपास का निर्माण जरूरी है। जानसठ मार्ग ओवरब्रिज के नीचे बनाए गए वैकल्पिक रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रेल लाइन पार करते हैं। इसी मार्ग पर सैकड़ों छात्र-छात्राएं भी गुजरते हैं। यहां पर ट्रेन हादसों में कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं।