मेरठ. गुरुवार को सीएम दरबार में सोतीगंज बंद कराने का मुद्दा भी गूंजा है। अकेले सोतीगंज से पुलिस ने 50 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। 40 कबाडिय़ों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है। अभी 18 कबाड़ी ऐसे है, जिनकी संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई बाकी है। उनकी संपत्ति की तलाश पुलिस के द्वारा की जा रही है। अवैध तरीके से कमाई संपत्ति जब्त होने के बाद ही कबाडिय़ों की कमर टूटी है। इसी के चलते उन्होंने दूसरा रोजगार अपना लिया है। जेल से छूटे हाजी गल्ला के बेटों पर पुलिस अभी भी नजर बनाए हुए है। देखा जा रहा है कि गल्ला के बेटे दोबारा से वाहन कटान का धंधा दूसरे राज्य में तो नहीं करने जा रहे है।

संपत्ति जब्तीकरण का मामला गूंजा
गुरुवार को गृह विभाग की समीक्षा में प्रदेश के माफियाओं से 2081 करोड़ की संपत्ति जब्तीकरण की बात सामने आई है। वहां पर सोतीगंज बाजार में चोरी के वाहनों का कटान करने वाले माफियाओं की संपत्ति जब्तीकरण का मामला भी गूंजा है। सोतीगंज के कबाडिय़ों पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर पुलिस ने 14ए में 50 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। अभी 18 कबाडिय़ों की संपत्ति की जांच की जा रही है।

संपत्ति की जांच कर जब्त होगी
माना जा रहा है कि अवैध कमाई की संपत्ति की जांच कर जब्त की जाएगी। हालांकि कुख्यात योगेश भदौड़ा द्वारा कब्जा की गई 4.50 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई। इसी तरह से शराब माफिया रमेश प्रधान की अवैध संपत्ति को कुर्क की गई, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ दस लाख बताई गई है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि अवैध तरीके से कमाई माफियाओं की संपत्ति जब्तीकरण का काम तेजी से चल रहा है। कई अन्य माफिया भी पुलिस के टार्गेट पर है, जिनकी संपत्ति की जांच कराई जा रही है।

सूचना ज्यादा मिलने वाले प्वाइंटों पर खड़ी होगी यूपी-112
यूपी-112 का स्थान पर पुलिस बदलने जा रही है। उनका घटना स्थल पर पहुंचने का समय कम करने के लिए निर्णय लिया है। पुलिस ने जनपद के सभी ऐसे प्वाइंट चिन्हित किए है, जहां से ज्यादा सूचनाएं आती है। उनके आसपास ही यूपी-112 का प्वाइंट बनाया जा रहा है। ताकि कम से कम समय में यूपी-112 पर घटना स्थल पर पहुंच सकें। एसपी यातायात जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सभी वाहनों की समीक्षा की जाएगी। हमारे पास 60 चार पहिया वाहन और 32 दो-पहिया वाहन है।