मुजफ्फरनगर। खतौली तहसील सभागार में गुरुवार को लेखपालों की बैठक लेकर एसडीएम ने सरकारी संपत्ति से अवैध कब्जे हटवाने के निर्देश दिए। कहा कि प्रत्येक गांव, कस्बे में अवैध कब्जों की सूची तैयार की जाए। उसके बाद सरकारी संपत्ति को कब्जामुक्त कराएं।
सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। सड़क, नालों के साथ ग्राम समाज की भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं। इसके लिए गुरुवार को तहसील सभागार में सभी लेखपाल, कानूनगो की बैठक बुलाई गई, जिसमें एसडीएम जीत सिंह राय ने कहा कि तहसील क्षेत्र में लेखपाल अशोक कुमार ने अब तक नौ स्थानों पर सरकारी संपत्ति से अवैध कब्जे हटाए हैं।
इसके अलावा अन्य लेखपालों के कार्यों की समीक्षा की गई। जिनका कार्य असंतोषजनक मिला है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर कार्य प्रगति पर पहुंचाने के निर्देश दिए। तहसीलदार आरती सिंह ने भी लेखपालों को गांवों में भूमि विवाद को मौके पर जाकर सुलझाने और पीड़ित को संतुष्ट करने के निर्देश दिए। कहा कि विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्रों पर रिपोर्ट को लंबित न रखा जाए। इससे पीड़ित निरंतर चक्कर काटते हैं।