सहारनपुर जनपद के गंगोह में कार और दो बाइकों की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई है। चालक कार सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
यह हादसा गुरुवार रात बाइपास मार्ग पर हुआ। गांव जुखेड़ी निवासी 55 वर्षीय जगवीर अपने पुत्र सचिन एवं गांव साल्हापुर निवासी अभिमन्यु के साथ एक बाइक पर सवार होकर मेला देखकर लौट रहे थे। एक अन्य बाइक पर गांव खानपुर निवासी कलीम एवं हुश्नजहां भी जा रहे थे। वहीं बाइपास मार्ग पर काली मंदिर के निकट सामने से आ रही एक कार से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बाइकों पर सवार सभी लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक कार सहित फरार हो गया। इसके बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसआई भूपेंद्र शर्मा ने पुलिस कर्मियों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पांचों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान जगवीर की मौत हो गई। उधर, जानकारी लगते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार लोगों ने हेलमेट नहीं लगाया था। मामले में जुखेड़ी निवासी कर्मवीर पुत्र नकली सिंह ने अज्ञात कार चालक के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी है।