आज गुरुवार 12 जनवरी को मौसम विभाग ने यूपी में बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के पश्चिम जिलों में आज तेज बर्फीली हवाओं के साथ दिन में हल्की बारिश होगी। पश्चिम यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, बिजनौर, हापुड, बागपत सहित अन्य जिलों में दिन में हल्की बूंदाबादी का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक डा.एन सुभाष ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री था। जो सामान्य से 7 डिग्री कम रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 अधिक रहा।
आज गुरुवार को अधिकतम तापमान दिन में 16-17 डिग्री रहेगा और न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री तक जा सकता है। आज पूरे पश्चिम यूपी में बादल रहेंगे और बर्फीली हवाओं के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है।
यूपी में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आज गुरुवार को पूर्वी जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है। हालांकि दिन में धूप निकलने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। सर्दी का सितम बढ़ने के साथ आज गुरुवार को कोल्ड-डे कंडीशन बनी रहेगी।
कृषि अनुसंधान संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष ने बताया कि इस समय पश्चिम विक्षोभ बन रहे हैं। जिसके चलते दिन का तापमान कम और रात का तापमान सामान्य रहेगा।