मुजफ्फरनगर/बागपत। दिल्ली में 26 जनवरी को ट्रैक मार्च में शामिल होने के लिए पश्चिमी यूपी के किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर रवाना हो रहे हैं। वहीं मुजफ्फरनगर से चौधरी नरेश टिकैत काफिले के साथ रवाना हो गए। उधर, बागपत में दिल्ली-सोनीपत-चंडीगढ़ हाईवे पर ट्रैक्टरों की संख्या बढ़ जाने के कारण जाम की स्थिति है। इसी वजह से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर हरियाणा और पंजाब के लिए जा रहे वाहन रोक दिए गए हैं। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर सोनीपत के कुंडली स्थित टोल प्लाजा की हरियाणा की ओर जाने वाली लेन को बंद कर दिया गया है। जिस कारण वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई है।
वहीं कुंडली से गाजियाबाद की ओर जाने वाली लाइन अभी तक खुली हुई है। इसी लाइन से ट्रैक्टर भी गुजरेंगे। शामली, मुजफ्फरनगर और बागपत से ट्रैक्टरों की रवानगी दिल्ली-सहारनपुर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल से की जाएगी। जिले में पुलिस तैनात कर दी गई है। मुजफ्फरनगर जनपद से हजारों किसान दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

सिसौली से भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत भी ट्रैक्टर लेकर काफिले के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वह सिसौली से चलकर बुढ़ाना के पास बायवाला चेक पोस्ट पर पहुंचे। वहां से ट्रैक्टरों के काफिले के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए। वह बड़ौत, बागपत से होकर दिल्ली जाएंगे।

चौधरी टिकैत ने कहा कि किसान शांतिपूर्वक दिल्ली में परेड करेंगे। उन्होंने कहा कि वह सरकार को झुकाने नहीं जा रहे, बल्कि सरकार को यह समझाने जा रहे हैं कि वे किसानों की मांग पूरी करें। इस मुद्दे पर सभी किसान संगठन एकजुट है। उन्होंने किसानों से भी शांतिपूर्वक परेड में शामिल होने का आह्वान किया है। मोरना, पुरकाजी क्षेत्र से भी किसान दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। किसान ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर दिल्ली पहुंच रहे हैं।