शामली। कांग्रेसियों ने कैराना नगर पालिका के वार्ड-26 में सभासद चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। कैराना के मोहल्ला गुलशन नगर के लोग कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक सैनी के साथ डीएम से मिले। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर मतदान दोबारा कराने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक सैनी ने बताया कि कांग्रेस सभासद प्रत्याशी शकील अहमद कैराना नगर पालिका के वार्ड नं 26 से सभासद का चुनाव लड़े थे। आरोप है कि उनके प्रतिद्वंद्वी ने गलत तरीक़े से फर्जी वोटों के आधार पर हरा दिया। वार्ड 5 की वोटों को बूथ संख्या 82 पर डलवाया गया है। इस मामले में चुनाव से पहले शकील अहमद के एसडीएम कैराना को शिकायती पत्र भी दिया गया था। लेकिन 220 वोट वर्तमान में भी दोनों वार्डों की वोटर लिस्ट में है। एक ही वोटर के नाम दोनों जगह वार्ड 5 व 26 में दर्ज हैं। शिकायत करने के बाद भी वोटर लिस्ट में कोई संशोधन नहीं कराया गया। यह मामला स्थानीय प्रशासन की लापरवाही का है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। वार्ड पर दोबारा चुनाव कराने की मांग कांग्रेसियों ने की। इस मौके पर जिला महासचिव योगेश भारद्वाज, जिला सचिव अरविंद झंझोट, संजीव शर्मा, विनोद सेन, नगर अध्यक्ष रिजवान, रामपाल पांचाल, प्रमोद कश्यप, राजीव वरिष्ठ, केके भारद्वाज, महावीर सैनी, रामशरण नामदेव, सुनील शर्मा, राधेश्याम सैनी, नीलम सैनी, दुर्गेश नंदिनी आदि मौजूद रहे।