शामली। लगभग हर साल धान के किसानों के सामने खडी होने वाली समस्या एक बार फिर आ खडी हुई है। हरियाणा ने यूपी के किसानों के धान पर नो एंट्री लगा दी है, जिसके चलते यमुना पुल पर धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गई हैं। इस वजह से यमुना पुल पर लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यूपी से ट्रैक्टर ट्राली में धान भरकर हरियाणा मंडी जा रहे किसानों का धान हरियाणा बॉर्डर पर रोका हुआ है। जिससे यूपी से धान लेकर हरियाणा जा रहे किसान हाईवे पर जमे हुए हैं। किसानों को आरोप है कि हरियाणा सरकार द्वारा हर बार किसानों की फसल को रोक दिया जाता है।
हरियाणा प्रशासन द्वारा बॉर्डर पर यूपी के किसानों को रोकने के लिए समिति के ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगा रखे हैं। किसान मनोज ने बताया कि शुक्रवार से किसान बॉर्डर पर खड़े हैं। हरियाणा प्रशासन जाने नहीं दे रहा, लेकिन यूपी का कोई भी अधिकारी मौके पर किसानों की सुध लेने नहीं पहुंचा।
थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया हरियाणा प्रशासन द्वारा यूपी के किसानों का धान रोका हुआ है। किसानों के वाहनों को साइड में खड़ा किया हुआ है। आवागमन सुचारू रूप से चल रहा है और यूपी एवं हरियाणा के अधिकारियों के बीच बातचीत चल रही है।