शामली। कैराना में सुबह करीब साढ़े 3 बजे खुरगान के जंगल में पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में चलायी गई गोली लगने से दो गोकश घायल हो गए। वहीं मौके का फायदा उठाकर चार आरोपी फरार हो गए। इसके अलावा बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली से एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से दो गोवंशों की खाल, मीट और वध के उपकरण बरामद किए।
शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम खुरगान के जंगल में काठा नदी के पास छापा मारा। यहां 6 बदमाश गोकशी कर रहे थे। पुलिस को आता देख बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली हेड कांस्टेबल बबलू सिंह घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो दो बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं 4 अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों और हेड कांस्टेबल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ अमरदीप मौर्य ने बताया कि मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों के नाम इमरान और जमशेद निवासी खुरगान हैं। दोनों बदमाश जंगल में गाय काट रहे थे। वहीं चार बदमाश भूरा, साबिर, जाकिर निवासी गांव खुरगान व जुल्फान निवासी जंधेड़ी फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।