मेरठ। बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स इंडिया की वार्षिक अंडर 30 की सूची में मेरठ की एथलीट पारूल चौधरी को भी स्थान मिला है। इसमें उद्योग, मनोरंजन, खेल, संगीत और कला क्षेत्र से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। इसमें शामिल देश की नौ महिलाओं में से पारुल ने भी अपनी जगह बनाई है। इस सम्मान से मेरठ वासी गौरवान्वित हैं।
फोर्ब्स को दिए इंटरव्यू में पारूल ने अपनी सफलता के पीछे अपने माता पिता और कोच गौरव त्यागी का हाथ बताया है। बजा दें कि हाल ही में पारुल का अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है। फोर्ब्स की सूची में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 30 वर्ष से कम आयु के 30 व्यक्तित्व को शामिल किया जाता है। इनमें उद्योग, मनोरंजन, खेल, संगीत और कला क्षेत्र से जुड़ी महिलाएं भी शामिल हैं।
एथलीट पारूल चौधरी को एशियन गेम्स में 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 3000 मीटर स्टीपल चेज में रजत पदक प्राप्त कर देश का नाम रोशन किया था। उनकी इस उपलब्धि पर फोर्ब्स ने उन्हें अपनी सूची में शामिल किया है। पारूल 3000 मीटर स्टीपल चेज में पेरिस आलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर चुकी हैं, देशवासियों को उनसे ओलंपिक में भी पदक लाने की उम्मीद है। पारुल की उपलब्धि पर पिता कृष्णपाल सिंह ने खुशी जाहिर की है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी योगेंद्रपाल सिंह और कोच गौरव त्यागी ने भी उन्हें बधाई दी है।