नरसिंहपुर। जिले की एक छह वर्षीय बालिका से एक युवक ने गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोपित उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी मुशीर को करेली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित जिले में गुड़ भट्टी पर कार्य करने आया था। पीड़िता को उपचार के लिए जिले की एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण में शून्य पर अपराध दर्ज किया है।
घटना में पुलिस ने बताया है कि पीड़िता बीते मंगलवार की शाम घर में खेल रही थी। जिसे गुड़ भट्टी में कार्य करने आया आरोपित कुरकुरे और गुड़ खिलाने का प्रलोभन देकर अपने साथ गांव से लगे एक गन्ने के खेत पर ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। जब बालिका रोते हुए अपने घर आई और स्वजन को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी तो स्वजन उसे लेकर रात को जिला मुख्यालय के एक अस्पताल लेकर पहुंचे। मामले की जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए। बताया जाता है की घटनाक्रम की जानकारी लगने के बाद पीड़िता के स्वजनो और कुछ ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर करेली पुलिस के सुपर्द किया। पुलिस ने प्रकरण में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नरसिंहपुर जिले में हर वर्ष गन्ना सीजन के समय उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र सहित अन्य प्रांतों, जिलों से बड़ी संख्या में गुड़ भट्टी संचालक श्रमिक आते हैं। जो किसानों के खेतों पर गुड़ बनाने का कार्य करते हैं। शुगर मिलों से जुड़कर गन्ना कटाई और परिवहन का कार्य करते हैं। यह बाहरी लोग जिले में करीब तीन माह तक रहते है। जिनके संबंध में न तो थाना चौकियों में कोई जानकारी दर्ज कराई जाती है न ही इनकी पहचान, आपराधिक रिकार्ड की जानकारी देखा जाती है। जिससे हर वर्ष गुड़ सीजन में विभिन्न तरह की आपराधिक, धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आती हैं।
प्रकरण कोतवाली में शून्य पर दर्ज है। आरोपित मुशीर उप्र के मुजफ्फरनगर का निवासी है। जिसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ हो रही है।