मुजफ्फरनगर। सर्दी, शीतलहर और कोहरे से जूझ रहे जिले में 29 दिन बाद अधिकतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर पहुंचा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 5.2 डिग्री रहा। जनपद की जनता बीते एक माह से शीतलहर की चपेट में है। 29 दिसंबर को अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस था। इसके बाद अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे ही रहा है। कई बार यह दस डिग्री के आसपास तक पहुंच गया। 29 दिन बाद शनिवार को अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री पर पहुंचा।
दिन में सूरज के निकलने पर लोगों ने राहत महसूस की। सूरज की धूप से लोग आनंदित हुए तो तेज हवा ने लोगों को झकझोरे रखा। हवा के कारण मौसम में सर्दी निरंतर बनी रही। शाम ढलते ही सर्दी अधिक बढ़ गई। रात का तापमान अभी भी पांच डिग्री के निकट ही चल रहा है। न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। दस बजे तक कोहरा छट गया और सूरज निकला। मौसम में आद्र्रता 100 प्रतिशत रही। दिन में सूरज निकलने से जीवन का संचार बढ़ा है। लोग अपने कार्यों के लिए निकलने लगे हैं।