शामली। अवैध हथियार और प्रतिबंधित कारतूसों के साथ पकड़े गए निवासी रिटायर्ड फौजी के घर से पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर कब्जे में ली है। पुलिस डीवीआर के आधार पर पर मामले की जांच कर रही है। उधर, चर्चा है कि आरोपी की दूसरी पत्नी से विवाद के बाद हुई मुखबिरी ने ही रिटायर्ड फौजी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। इस प्रकरण में सेना की तरफ से भी टीम कांधला पहुंचकर मामले की जानकारी ले सकती है।
थानाक्षेत्र के गांव हुरमजपुर से पुलिस ने तीन दिन पूर्व रिटायर फौजी नीरज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से पौनिया रायफल व दो पौनिया बंदूक के साथ ही प्रतिबंधित इंसास के 62 कारतूस व अन्य करीब नौ कारतूस विभिन्न बोर के बरामद किए थे। पुलिस ने आरोपी के घर से सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी कब्जे में ली है। पुलिस डीवीआर की जांच कर साक्ष्य तलाश कर रही है। बताया गया है कि नीरज वर्ष 2000 में सेना में भर्ती हुआ था और पिछले महीने ही रिटायर्ड हुआ था।
पहली पत्नी किसी वजह से नीरज को छोड़कर चली गई थी। आरोपी के बेटी तानिया 13 वर्ष व बेटा विराट 8 वर्ष है। ग्रामीणों के मुताबिक नीरज ने कुछ समय पहले दूसरी शादी कर ली थी। गांव में चर्चा है कि दूसरी पत्नी से उसका आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। चार-पांच दिन पहले नीरज का पत्नी से विवाद होने पर वह घर से चली गई थी। चर्चा है कि इसके बाद ही किसी ने घर में रखे अवैध हथियारों की मुखबिरी कर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड फौजी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर भी ले सकती है। थाना प्रभारी सुबे सिंह ने बताया कि घर से बरामद डीवीआर की जांच की जा रही है। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
रिटायर्ड फौजी नीरज के अवैध हथियारों के साथ पकड़े जाने के बाद खुफिया विभाग की टीमों ने भी जानकारी जुटाई है। बताया गया है कि अधिकारियों ने सेना के अधिकारियों को भी मामले की मौखिक तौर पर जानकारी दे दी है और अधिकारियों से भी उसके बारे में भी जानकारी ली। हालांकि पुलिस की तरफ से इस संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं भेजी गई है। बताया जा रहा है कि सेना के अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने बाद मुख्यालय से टीम पूरे मामले की जानकारी लेने के लिए कांधला आ सकती है। सीओ कैराना अमरदीप मौर्य का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।