सोनीपत में बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित पेपर कैरी बैग बनाने वाली फैक्टरी में अचानक आग लग गई। आग लगी देख आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। सुबह फैक्टरी बंद होने के कारण कर्मचारी नहीं थे। आग लगी देख सुरक्षाकर्मियों ने मालिक को अवगत कराया। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम को अवगत कराया गया। आग भड़कने के बाद साथ लगती कपड़ा तैयार करने वाली फैक्टरी को भी चपेट में लिया। अग्निशमन विभाग की आठ गाड़ियों ने छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से दोनों फैक्टरी में भारी नुकसान हुआ है। जांच के बाद ही नुकसान का पता लग सकेगा। आशंका है कि शॉर्ट-सर्किट से आग लगी है।
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित केके पेपर प्रोडक्ट्स फैक्टरी में वीरवार सुबह करीब पांच बजे अचानक आग लग गई। घटना के समय फैक्टरी बंद होने के कारण कर्मी नहीं थे। कुछ देर में ही फैक्टरी में आग फैलती चली गई। सुरक्षाकर्मी ने आग लगी देख फैक्टरी मालिक को अवगत कराया। इसी बीच आग ने फैक्टरी के पीछे स्थित अरोड़ा ओवरसीज कपड़ा फैक्टरी को भी चपेट में ले लिया।
दोनों फैक्टरियों में आग लगने से वहां कच्चा व तैयार माल जल गया। मशीन भी जलकर ढांचा बन गई। फैक्टरी मालिकों ने आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम में दी। आग पर काबू पाने के लिए सोनीपत, राई, गन्नौर से आठ गाड़ियां पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। फैक्टरी मालिकों के अनुसार, आग से उन्हें करोड़ों के नुकसान का अनुमान है। हालांकि जांच के बाद ही पूरे नुकसान के बारे में पता लग सकेगा।
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में कैरी बैग बनाने वाली फैक्टरी में आग भड़क गई। फैक्टरी में शेड लगा होने के कारण आग पर काबू पाने में परेशानी हुई और आगे भड़क कर पीछे स्थित कपड़ा फैक्टरी तक पहुंच गई। अरोड़ा ओवरसीज कपड़ा फैक्टरी में आग को बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शेड नहीं होता तो आग पर आसानी से काबू पाया जा सकता था।
कैरी बैग व कपड़े की फैक्टरी में आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे काबू पाने में परेशानी हुई। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कैरी बैग पेपर और कपड़ा जल्द ही आग की चपेट में आ गया था। साथ ही गनीमत रही कि आग ने आसपास की अन्य फैक्टरियों को चपेट में नहीं लिया। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में आग की सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत मौके पर गाड़ियों को भेजा गया। आठ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। जांच के बाद आग लगने के कारणों व नुकसान का पता लग सकेगा।