सोनीपत/मुजफ्फरनगर : आर्य नगर में मामूली कहासुनी के बाद हुए झगड़े में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक के भाई ने सिटी थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी है। युवक पर साथी किराएदार ने हमला किया था। पुलिस ने अज्ञात किराएदार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक जनपद के गांव सिसौली निवासी विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका भाई संतोष कुमार (40) सोनीपत के आर्य नगर की पत्थरों वाली गली में रहता था। 1 नवंबर की रात साढ़े 8 बजे उसके भाई का झगड़ा किराएदार व मकान मालिक के साथ हो गया।

विजय कुमार का आरोप है कि किराएदार ने किसी हथियार से हमला कर दिया था। जिससे उसका भाई घायल हो गया था। 2 नवंबर को आरोपी एंबुलेंस से संतोष को अचेत अवस्था में यूपी छोड़कर चला गया था।

उन्हें बताया गया था कि वह सीढ़ी से गिरकर घायल हुआ है। वह उसे उपचार के लिए दिल्ली एम्स लेकर गए थे। 12 नवंबर को संतोष की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया। अब पीड़ित के भाई ने अज्ञात किराएदार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।