नोएडा। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के छिजारसी निवासी लापता युवक ऋतिक (22) की मौत के मामले में उसकी मां ने छह लोगों पर केस दर्ज कराया है। युवक का शव 16 मार्च को फरीदाबाद स्थित यमुना नदी के पास झाड़ियों में अटका मिला था। ऋतिक पर नोएडा और गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों को तलाश रही है। ऋतिक 11 मार्च से लापता था।
पीडि़त महिला शशि के अनुसार, 10 मार्च को गांव के ही रवि, सूरज, धीरज शर्मा, बिन्नी, जोगेंद्र और विकास तिवारी से बेटे ऋतिक का झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इन युवकों ने अगवा कर बेटे की हत्या कर दी। बुधवार को फरीदाबाद पुलिस से सेंट्रल नोएडा पुलिस को सूचना मिली कि छायसा थाना क्षेत्र स्थित यमुना में एक युवक का शव मिला है। जिसका डाॅक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, इसलिए बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर छह युवकों के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।