ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर के गांव देवला में 17 साल पहले खरीदे गए प्लाॅट पर कब्जा कर लिया गया। विरोध करने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने गांव चिटहेरा निवासी रविंद्र, प्रॉपर्टी डीलर जगत, प्रमोद, उदयवीर, मनोज, विनोद, समोद, संदीप, रूपेश, आयुष और तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
दिल्ली के नरेला मामूरपुर की नई बस्ती निवासी सुशील भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने पत्नी बबीता शर्मा के नाम से गांव देवला में खसरा संख्या-510 में 25 जुलाई 2007 को 200 वर्ग गज का प्लाॅट खरीदा था। बैनामा कराने के साथ ही प्लाॅट की चहारदीवारी भी कराई थी। समय-समय पर वह जमीन की देखरेख करने के लिए देवला आते रहते थे। 11 दिसंबर 2023 को उन्होंने देखा कि प्लॉट के आधे हिस्से पर निर्माण चल रहा है। पता चला कि प्राॅपर्टी डीलर ने काम शुरू करवाया है। उसने कुछ साथियों की मिलीभगत से प्लॉट के आधे हिस्से पर कब्जा कर लिया। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।