मेरठः जिले में महिला थाने के सामने मंगलवार दोपहर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। महिलाएं भी एक-दूसरे से भिड़ गईं। एक पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा भी कर दिया। सिविल लाइंस और महिला थाने की पुलिस ने मामला शांत कराया। हालांकि किसी भी पक्ष ने पुलिस से शिकायत नहीं की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रोहटा थाना क्षेत्र निवासी शहर में रहकर ही नौकरी करता है। वहां पर उसका एक महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। महिला ने युवक को झांसे में लेकर उसका रिश्ता अपनी बेटी से तय कर दिया। इसकी जानकारी जब युवक के परिजनों को लगी थी, तो उन्होंने इस बात का विरोध किया था। मंगलवार को युवक महिला की बेटी से कोर्ट मैरिज करने के लिए आया था जैसे ही इसकी भनक युवक के परिजनों को लगी। उन्होंने युवक, महिला और उसकी बेटी को महिला थाने के सामने पकड़ लिया, ओर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों की महिलाओं में हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
महिला थाने से पुलिसकर्मी पहुंचे, ओर मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद सिविल लाइंस से पुलिस आई और स्थिति को नियन्त्रण में लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि विवाद की सूचना पाकर मौके पर पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत करा दिया था। किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नही कराई गई है।