मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में खतौली विधान सभा सीट पर हो रहे उप चुनाव में 171 मतदान कें द्रों के 369 बूथों पर सोमवार को मतदान जारी है। यहां भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर है। वहीं गठबंधन से रालोद प्रत्याशी मदन भैया भाजपा को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने इस बीच बड़ा बयान देते हुए कहा है कि चुनाव का माहौल इशारा कर रहा है कि चुनाव हम ही जीत रहे हैं। बता दे कि खतौली उप चुनाव के लिए सभी बूथों पर मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। यहां 14 प्रत्याशी मैदान में हैं, मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी और गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया के बीच है।
केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि चुनाव का माहौल इशारा कर रहा है कि चुनाव हम जीत रहे हैं। विपक्ष शराब व पैसा बांटता पकड़ा गया। शराब,धन और बाहुबल की राजनीति नहीं चलेगी, जिन्हें पैसा दिया गया उनकी अब जांच होगी।
बता दें कि क्षेत्र में विधायक चुनने के लिए तीन लाख 12 हजार मतदाता आज मतदान करेंगे। विधानसभा के आम चुनाव में यहां भाजपा के विक्रम सैनी दूसरी बार विधायक चुने गए थे। 2017 में भी विक्रम सैनी विधायक चुने गए थे। कवाल में हुए बवाल में विक्रम सैनी को सजा सुनाए जाने के बाद रिक्त हुई सीट खतौली पर उपचुनाव हो रहा है।
भाजपा ने विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को प्रत्याशी बनाया है। रालोद ने खेकड़ा से पूर्व विधायक रहे मदन भैया को प्रत्याशी बनाया है। उन्हें सपा और आसपा ने भी समर्थन दिया है। भाजपा के लिए प्रतिष्ठा बनी इस सीट पर कब्जा बनाए रखने की चुनौती है।