मेरठ। मानसून सीजन के अंतिम पखवाड़े में इंद्र देव मेहरबान हुए हैं। मेरठ ही नहीं गाजियाबाद और दिल्ली में भी बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। अगले 48 घंटे तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके पहले अगस्त में 82 प्रतिशत कम बारिश हुई है। गुरुवार को शाम साढ़े पांच बजे तक पांच मिलीमीटर बारिश हुई। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान पर बादल नजर आए, बारिश होगी।
सितंबर की यह पहली बारिश है। बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। लोग बारिश का आनंद लेते नजर आये। तापमान गिर गया। अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम था। इसके पहले सितंबर के प्रथम सप्ताह में बारिश न होने से गर्मी जोरों पर रही।
मौसम विशेषाज्ञों के अनुसार उत्तर पश्चिम और मध्य में प्रभावी निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है। इसके 48 घंटे तक सक्रिय रहने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी बारिश का भी अंदेशा है। इस बारिश का प्रसार दिल्ली, मेरठ समेत पश्चिम उप्र के कई जनपदों और लखनऊ और कानपुर तक रहेगा।
बिजनौर शहर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में तड़के से ही रिमझिम बरसात हो रही है। उमस भरी गर्मी से लोगों को निजात मिली है। इसके साथ ही बारिश से किसान खुश हैं। गुरुवार तड़के करीब तीन बजे रिमझिम बरसात शुरू हुई। रुक-रुक कर हो रही बारिश अभी तक जारी है। हालांकि शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई, बल्कि लोगों ने इस बारिश के कारण गर्मी से काफी राहत महसूस की है।
किसान हरप्रीत सिंह ने बताया कि खेत में गन्ने और चारे की फसल खड़ी है। काफी कृषि क्षेत्र वर्षा पर निर्भर है। इस बार औसत से काफी कम बारिश होने के कारण उन समेत क्षेत्र के किसान परेशान थे। इस समय जो रिमझिम बारिश हो रही है, यह फसलों के लिए अमृत बनकर बरस रही है।
शामली में गुरुवार की सुबह से ही शामली में बारिश शुरू हो गई है। इससे मौसम में ठंडक घुल गई। पिछले कई दिनों से दिन में तेज धूप निकलने के कारण मौसम में उमस बन रही थी, जिससे लोग काफी परेशान रहे। बुधवार को सुबह के समय बूंदाबांदी हुई थी जिसके बाद दिनभर बादल छाए रहे। वहीं गुरुवार सुबह से बादलों से पानी का बरसना आरंभ हो गया। इस बरसात को सब्जी एवं अन्य फसलों के लिए लाभकारी माना जा रहा है क्योंकि खेतों में खड़ी फसल को इस समय सिंचाई की आवश्यकता है।