नई दिल्ली : महान सचिन तेंदुलकर से लेकर अनिल कुंबले और युवराज सिंह तक ने टीम इंडिया की रणनीति पर सवाल उठाए हैं। कुंबले ने कहा कि टीम इंडिया में कुछ गंभीर मसला है। वहीं, सचिन ने भारतीय खिलाड़ियों को आत्मनिरीक्षण करने की सलाह दी।

न्यूजीलैंड ने भारत को तीसरे और अंतिम टेस्ट में 25 रन से हराकर 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली। यह 91 वर्ष में पहली बार है जब भारतीय टीम का अपने घर में सीरीज में तीन या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ हुआ है। भारत ने अपनी धरती पर 1933 में पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेली थी। तीसरे दिन भारत को जीत के लिए 147 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन टीम एजाज पटेल (6/57) की स्पिन के आगे महज 121 रन पर सिमट गई। सिर्फ ऋषभ पंत ही कुछ संघर्ष कर सके। उन्होंने 57 गेंद में नौ चौके, एक छक्के की मदद से 64 रन बनाए। हालांकि, उनका आउट होना विवादास्पद रहा। पंत तीसरे अंपायर के फैसले से खुश नजर नहीं आए। कप्तान रोहित शर्मा (11), विराट कोहली (01) एक बार फिर सस्ते में आउट हुए। ऑफ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स ने 42 रन पर तीन विकेट लिए।

पंत ने इस सीरीज में सबसे ज्यादा 261 रन बनाए। उन्हें छोड़कर अन्य कोई भारतीय बल्लेबाज सीरीज में 200 या उससे अधिक रन नहीं बना पाया। विराट और रोहित तो 100 रन भी नहीं बना सके। कीवियों ने बंगलूरू में खेले गए पहले टेस्ट में तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर टीम इंडिया को आठ विकेट से हराया था। वहीं, पुणे और मुंबई में स्पिन की मददगार पिच पर भी भारतीय टीम हार गई। पुणे में न्यूजीलैंड ने भारत को 113 रन से हराया था। न्यूजीलैंड से हारने के बाद भारतीय टीम की जमकर आलोचना हो रही है। महान सचिन तेंदुलकर से लेकर अनिल कुंबले और युवराज सिंह तक ने टीम इंडिया की रणनीति पर सवाल उठाए हैं। कुंबले ने कहा कि टीम इंडिया में कुछ गंभीर मसला है। वहीं, सचिन ने भारतीय खिलाड़ियों को आत्मनिरीक्षण करने की सलाह दी।

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में सफाए के बाद भारत की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें काफी कम हो गई हैं। भारत को अब फाइनल में प्रवेश के लिए 22 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके घर में शुरू हो रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 4-0 से जीतनी होगी। यह बेहद कठिन काम है। हालांकि, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में भारत अभी भी 58.33 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। इस सीरीज के परिणाम के बाद फाइनल में पहुंचने की दौड़ में न्यूजीलैंड, श्रीलंका और द. अफ्रीका भी हैं। हालांकि, यह समीकरण दूसरी टीमों के परिणामों पर भी निर्भर करेंगे। अगर न्यूजीलैंड और द. अफ्रीका अपनी अगली टेस्ट सीरीज ड्रॉ खेलते हैं और ऑस्ट्रेलिया-श्रीलंका की सीरीज भी 0-0 से बराबर छूटती है तो ऑस्ट्रेलिया से सीरीज 2-3 से हारने के बावजूद भारत फाइनल में पहुंच सकता है।