कटक: टीम इंडिया के बल्ले की खामोशी आखिरकार कटक में इंग्लैंड के खिलाफ खत्म हो गई। रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 116 दिन के अंतराल के बाद अर्धशतक जड़ने में सफल हुए। रोहित ने जीत के लिए 305 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 30 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से आतिशी अंदाज में अपना अर्धशतक पूरा किया। 3 महीने 24 दिन के बाद रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे। इसके बाद रोहित ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और 76 गेंद में छक्के की मदद से वनडे करियर का 32वां शतक पूरा कर लिया। रोहित ने शतक पूरा करने के दौरान 9 चौके और 7 छक्के जड़े। यह रोहित के वनडे करियर का दूसरा सबसे तेज शतक है।
रोहित ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आखिरी शतक 11 महीने पहले इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला में जड़ा था। रोहित के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक का सूखा भी इंग्लैंड के खिलाफ खत्म हो गया।
रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट इतिहास में राहुल द्रविड़ को पछाड़कर दसवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। राहुल द्रविड़ ने वनडे क्रिकेट में 344 मैच की 318 पारियों में 10,889 रन बनाए थे। रोहित शर्मा के खाते में खबर लिखे जाने तक 267 मैच की 259 पारियों में 10949 रन बना लिए हैं। रोहित ने वनडे क्रिकेट में 32वें शतक के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में भी राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया। द्रविड़ ने करियर में 48 शतक जड़े थे। अब वो 49 शतक के साथ डेविड वॉर्नर की बराबरी पर पहुंच गए हैं।
रोहित ने पिछले साल 16 अक्तूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरू में खेले गए टेस्ट मैच में 52(63) रन की आतिशी पारी खेली थी। उसके बाद वो लगातार नाकाम होते रहे। वनडे क्रिकेट में रोहित ने आखिरी बार अर्धशतक श्रीलंका दौरे पर 2 अगस्त, 2024 को कोलंबो में जड़ा था। उस मैच में उन्होंने 52(63) रन की पारी खेली थी।