नई दिल्ली/नोएडा/गाजियाबाद/गुरुग्राम। हिंदुओं का पवित्र और आस्था से युक्त करवाचौथ का त्योहार 13 अक्टूबर (बृहस्पतिवार) को दिल्ली-एनसीआर समेत देश भर में मनाया जाएगा। इस दिन सुहागिन महिलाएं सुबह से ही करवाचौथ का कठिन व्रत रखती हैं, इसमें पानी तक पीना वर्जित होता है।
क्या आप जानते हैं कि दिल्ली-एनसीआर समेत देश भर में कुंवारी लड़कियां भी करवाचौथ का व्रत रखती हैं? इस दिन वह भी सुहागिन महिलाओं की तरह ही करवाचौथ का व्रत रखती हैं और वह भी अन्य महिलाओं की तरह पानी तक नहीं पीती हैं।
कुंवारी लड़कियों के करवा चौथ का व्रत रखने पर जानकारों और पुजारियों का कहना है कि मान्यता के अनुसार, कुंवारी लड़कियां भी करवाचौथ का व्रत रख सकती हैं, इसके लिए मनाही नहीं है। कहा जाता है कि कुंवारी लड़कियां मनपसंद पति पाने के लिए करवाचौथ का व्रत रखती हैं, लेकिन वह अन्य विधियों में शामिल नहीं होती हैं, जैसे कि सुहागिन महिलाएं शामिल होती हैं।
ग्रेटर नोएडा में पी-3 स्थित शिव मंदिर के मुख्य पुजारी मनीष दीक्षित का कहना है कि करवाचौथ सुहागिन महिलाओं के सबसे बड़े त्योहार है। अगर कुंवारी लड़कियां भी करवाचौथ का व्रत रखती हैं तो कहीं सभी गलत नहीं है। यूं भी हमारे यहां पर लड़कियों के लिए 16 सोमवार को व्रत रखने का प्रविधान है।
मनीष दीक्षित का कहना है कि करवाचौथ त्योहार पर अगर कुंवारी लड़कियां अगर चाहें तो अच्छे पति की कामना के लिए यह व्रत रख सकती हैं। जिनकी सगाई हो चुकी हैं, वे भी करवाचौथ का व्रत रख सकती हैं।
गौरतलब है कि करवाचौथ पर दिल्ली-एनसीआर में आठ बजे के बाद ही चांद दिखाई देगा, लेकिन इस बार भी मौसम दगा दे सकता है, क्योंकि बादल छाए रहने के आसार हैं।