नई दिल्ली. रसोई में धनिया का इस्तेमाल आमतौर से किया जाता है। धनिया के स्वाद और खुशबू को कई तरीके से प्रयोग में लाते हैं। चाहें तो धनिया के पत्तों की चटनी बनानी हो या फिर किसी सब्जी को धनिया पत्तियों से गार्निश करना हो। सब्जी मसाले के तौर पर भी धनिया का इस्तेमाल किया जाता है। धनिया स्वाद और सुगंध के साथ ही औषधीय गुणों से भरपूर होती है। इसके सेवन से कई बीमारियों से बचाव हो सकता है। सेहतमंद रहने के लिए रोजाना हरा धनिया या धनिया के बीजों का सेवन करना लाभदायक होता है। थायराइड और वजन कम करने जैसी समस्याओं में धनिया रामबाण का काम करता है। धनिया के सेवन का एक बेहतर तरीका रोजाना सुबह धनिया के पानी को खाली पेट पीना हो सकता है। चलिए जानते हैं कि खाली पेट धनिया पानी पीने के क्या फायदे हैं, और सेवन का सही तरीका क्या है?

धनिया का पानी पाचन संबंधी समस्याओं को दूर करने का काम करता है। रोजाना धनिया पानी का सेवन शरीर के पाचन अग्नि को नियंत्रित करता है, जिससे पेट में एसिडिटी का स्तर बढ़ने से रोकता है। पेट दर्द, जलन और गैस जैसी समस्याओं से निजात मिलता है।

अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो धनिया के पानी को डाइट में शामिल करें। धनिया पानी में ऐसे तत्व होते हैं जो मेटाबॉलिज्म की प्रक्रिया को तेज करते हैं। इससे शरीर में जमा फैट कम होने लगता है और तेजी से वजन कम होने लगता है।

थायराइड के मरीजों को भी धनिया के पानी को प्रतिदिन सुबह खाली पेट पीना चाहिए। थायराइड की कमी हो या अधिकता दोनों में यह फायदेमंद है। धनिया में पाए जाने खनिज और विटामिन थायराइड हार्मोन को विनियमित करने में मदद करते हैं।

धनिया पानी के सेवन से इम्यूनिटी लेवल बढ़ता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर में फ्री रेडिकल्स को कम करता है, जो कई बीमारियों से लड़ने में मदद करता है।

धनिया में विटामिन के, सी और ए से भरपूर होता है। धनिया पानी का सेवन बालों को मजबूत बनाने और तेजी से ग्रोथ में मदद करता है। रोजाना धनिया के पानी के सेवन से बालों का झड़ना और टूटना कम हो सकता है। इसके अलावा आप धनिया के तेल और हेयरमास्क के तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं।