बिजनौर की हीमपुर दीपा पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। लुटेरों ने आश्रय में घुसकर महंत के सिर में डंडे से हमला कर लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने लूटी गई रकम में से 12 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार लुटेरों पर पहले से डेढ़ दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी में जुट गई है।
दरअसल मामला बिजनौर जिले के तहसील चांदपुर क्षेत्र का है। जहां हीमपुर दीपा थाना पुलिस ने दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लूट की घटना के अनावरण का दावा किया है। पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि पुलिस ने थाना क्षेत्र में मुंढाल तिराहे के पास से 37 वर्षीय करन पुत्र रामपाल निवासी ग्राम राजपुर परसू थाना हीमपुर दीपा जनपद बिजनौर व 23 वर्षीय हरिओम पुत्र रामपाल निवासी ग्राम राजपुर परसू थाना हीमपुर दीपा जनपद बिजनौर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने करन के कब्जे से 8600 रूपए व हरिओम के कब्जे से 3400 रूपए भी बरामद किए हैं। इन्होंने 13 फरवरी की रात्रि को लगभग 11:30 बजे श्री सत्य नारायणपुरी पुत्र महामण्डलेश्वर बनवारी पुरी निवासी त्यागी आश्रम राजपुर परसू बिजनौर के साथ मारपीट व लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद वे फरार हो गए थे।
आश्रम के महंत द्वारा थाना हीमपुर दीपा पर मुकदमा पंजीकृत कराया गया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लूट का खुलासा करने का दावा किया है। आवश्यक कार्रवाई कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है। बता दें कि आश्रम के महंत ने आश्रम में घुसकर मारपीट और लूट करने का आरोप लगाया था। मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने 4 दिन में ही घटना का खुलासा कर दिया।