भोपाल। मध्यप्रदेश के भोपाल से रिश्तो को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पिता ने ही अपनी बेटी का यौन शोषण किया। दरअसल कमला नगर थाना इलाके के नेहरू नगर में बीती रात 11:00 बजे के करीब एक पिता ने अपनी मंदबुद्धि बेटी के साथ इस घृणित हरकत को अंजाम दिया।
पड़ोसी को मंदबुद्धि किशोरी की लगातार चीखने की आवाजें आ रही थी, तो उसे कुछ अनहोनी की आशंका हुई। जिसके चलते पड़ोसी ने सूझबूझ से काम लिया और पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस इलाके में पहुंच गई। जब पुलिस पीड़ित के घर पहुंची तो पता चला कि उसका पिता अपनी मंदबुद्धि बेटी के साथ यौन शोषण कर रहा था। उसके चंगुल से छूटने के लिए ही किशोरी लगातार चीख रही थी।
पुलिस ने तुरंत ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे ले गई। पुलिस को पता चला कि वह अपनी मंदबुद्धि बेटी के साथ पिछले 3 महीनों से ज्यादती कर रहा था। जानकारी के मुताबिक नेहरू नगर में रहने वाला 40 साल का व्यक्ति एक निजी काम करता है। आरोपी की पत्नी उससे अलग रहती है। जबकि, उसके साथ 16 वर्ष की उसकी मंदबुद्धि पुत्री और एक छोटा बेटा रहता है। पुलिस ने बताया कि उसकी बेटी बचपन से ही मानसिक रूप से अस्वस्थ है जिसके चलते उसने पढ़ाई नहीं की है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की रात घर के बराबर में रह रहे पड़ोसी को लगातार पीड़िता के चीखने की आवाजें सुनाई दे रही थी। इसके चलते उससे कुछ अनहोनी होने की आशंका हुई। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस बताए हुए पते पर पहुंची। उन्होंने घर में किशोरी को बदहवास हालत में पाया। पुलिस दोनों को थाने ले गई थी, जहां पीड़िता ने बताया कि उसका पिता बीते 3 माह से इस घृणित हरकत को अंजाम दे रहा है और यदि वह विरोध करती भी है तो वह किशोरी के साथ मारपीट करता है। आरोपी पिता पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।