धामपुर। एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ शनिवार को खो बैराज, बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया।
एसडीएम ने बताया कि शुक्रवार को खो नदी में जल स्तर जैसे ही कम हुआ नदी ने तेजी से कटान शुरू कर दिया था। खो नदी तीव्रता से कटान कर राजपुताना, शेरकोट की ओर स्थित पेट्रोल पंप के बीच तटबंध के काफी नजदीक आ गई थी। सिंचाई विभाग के एसडीओ सतपाल सिंह ने अवर अभियंता ज्वाली सिंह, हरवीर सिंह, मनोज कुमार पाल अन्य सदस्यों के साथ तत्काल तटबन्ध की सुरक्षा हेतु बाढ़ सुरक्षा कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करा दिया था। परंतु शनिवार को नदी में जलस्तर बढ़ जाने के कारण बाढ़ सुरक्षा कार्य को बंद करना पड़ा।
एसडीएम ने उन स्थानों का भी निरीक्षण किया जहां खो नदी कटान कर रही थी। नदी में जलस्तर कम होने पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों को पुनः प्रारम्भ करने के लिए मौके पर ईसी बैग, बॉयर क्रेट बल्ली, झाड़ियां आदि की पूर्ण व्यवस्था पाई गई। सहायक अभियंता सतपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। नदी में करीब 35 हजार क्यूसेक पानी चल रहा है। बाढ़ की संभावना से इंकार किया है।