लखनऊ । एक लड़की खुद को कुंवारी बता वैवाहिक वेबसाइट के जरिए धोखे की शादियां करती है। अब वह अपने तीसरे पति से करीब पौने तीन लाख कैश और गहने लेकर फरार हो गई। परेशान पति ने पुलिस से गुहार लगाई है।
उनका कहना है कि इस कांड में महिला का पूर्व पति और कुछ और लोग भी शामिल हैं। इन लोगों की लम्बे समय से उन पर नज़र थी। उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और प्रॉपर्टी के बारे में वे अच्छी तरह जानते थे। एक-एक बात पता कर उन्होंने जाल बिछाया और उन्हें फंसाकर लूट लिया। पीजीआई थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की उम्र 30 साल के करीब है। पीड़ित शख्स शहर के सेनानी विहार इलाके के रहने वाले हैं।
पुलिस से की गई शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि महिला ने अपने पूर्व पति सहित अन्य सहयोगियों की मदद से न सिर्फ उनके रुपए ले लिए बल्कि उन्हें डराया और धमकाया भी गया। इस शख्स से नवंबर 2022 में एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए आरोपी महिला की शादी हुई थी। वेबसाइट पर महिला ने अपना बायोडाटा अपलोड किया था।
उसने खुद की वैवाहिक स्थिति छिपा ली। अविवाहित बनकर शादी कर ली। शादी के एक महीने बाद, खुद को अनुपम सोनी बताने वाले एक शख्स ने उन्हें फोन किया और बताया कि वह उस महिला का पति है जिससे उन्होंने शादी की थी। उसने उन्हें संबंध जारी रखने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। जाहिर है, उन्होंने इस बारे में अपनी नई नवेली पत्नी से बात की।
पीड़ित पति के मुताबिक बाद में उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी की शादी अनुपम सोनी से और उनसे पहले आशुतोष पाठक से हुई थी। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने उनसे नकदी की ठगी की है। महिला ने उनसे अपनी वैवाहिक स्थिति छुपाई और अपनी नौकरी के बारे में भी झूठ बोला।
वैवाहिक साइट पर उसने झूठा दावा किया था कि वह सरकारी डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर है। जब शादी के लिए बातचीत चल रही थी, तो उसने मोबाइल फोन खरीदने के लिए 25,000 रुपये की आर्थिक मदद मांगी।
उसने बताया कि एक दुर्घटना में मोबाइल फोन टूट गया, लेकिन उन्हें पता चला कि उसके पूर्व पति अनुपम ने उसके साथ लड़ाई के दौरान उसे तोड़ दिया था। पीड़ित पति ने बताया कि महिला उनके पास से 2.67 लाख रुपये नकद और गहने लेकर फरार हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।