अमरोहा।  हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर कलां का रहने वाला चांद शनिवार को संभल के रजपुरा थानाक्षेत्र की रहने वाली दूसरे समुदाय की किशोरी को बहला-फुसलाकर अमरोहा कचहरी ले आया। यहां एक वकील के माध्यम से कोर्ट मैरिज करने की तैयारी में था। मामला दो समुदाय से जुड़ा हुआ था, इसलिए जब इसकी जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को लगी तो जिला संयोजक कुशल चौधरी, सह संयोजक वीरेंद्र कुमार और अभिषेक तमाम कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

आरोपी युवक ने भागने का प्रयास किया तो बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे मौके पर पकड़ लिया। सूचना मिलते ही अमरोहा देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। बाद में किशोरी को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया था। इसके बाद किशोरी का मेडिकल कराया गया। इस मामले में नारी उत्थान केंद्र की सदस्य उषा शर्मा की तहरीर पर आरोपी चांद और उसके अन्य साथी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, धर्म संपरिवर्तन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

आरोप है कि आरोपी चांद ने किशोरी का धर्म परिवर्तन कराकर उसका नाम शबनम रखकर उससे शादी भी कर ली थी। फिलहाल किशोरी को सेफ हाउस में रखा गया है। उसके बयान न्यायालय में दर्ज कराए जाएंगे।