अमरोहा। जिले में छुट्टा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब अमरोहा नगर के मोहल्ला छंगा दरवाजा में भात में शामिल महिलाओं पर अचानक सांड़ों ने हमला कर दिया। जिसमें चार महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। घटना से भगदड़ मच गई। किसी तरह लोगाें ने सांड़ों को वहां से भगाया। वहीं, घायलों का अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मोहल्ले के लोगों ने छुट्टा पशुओं को पकड़वाने की मांग की है। यह घटना शनिवार की रात हुई। मोहल्ले में दिवंगत अशोक कुमार का परिवार रहता है। उनके बेटे विशाल की बरात रविवार की रात मुरादाबाद गई थी। इससे पहले शनिवार की रात करीब 8 बजे घर में भात कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। विशाल के मामा अपने परिवार के साथ भात लेकर पहुंचे थे। महिलाएं परंपरागत गीत गाते हुए घर की तरफ आ रही थीं। इसी दौरान मोहल्ले के वाल्मीकि चौक पर दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। तभी दोनों सांड़ों ने महिलाओं पर हमला कर दिया। जिसमें सुशील देवी, केला देवी, अंजना, बेबी घायल हो गई।

महिलाओं को बचाने पहुंचे भात में शामिल मुरादाबाद के दो युवक भी घायल हो गए। अचानक सांडों के हमले से लोगों में भगदड़ मच गई। किसी तरह मोहल्ले के लोगों ने लाठी डंडों से डरा कर उन्हें भगा दिया। बाद में सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों का कहना है कि मोहल्ले में मोहल्ले पशुओं का झुंड घूमता रहता है। रोजाना हमले का डर बना रहता है। कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से छुट्टा पशुओं को पकड़वाकर गोशाला में छुड़वाने की मांग की गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। छुट्टा पशु हिंसक हो गए हैं। किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है।