नई दिल्ली। पटेल नगर रेलवे स्टेशन के पास दो महिला एक नवजात शिशु को कूड़े के ढेर पर फेंक कर फरार हो गई। वहां खेल रहे बच्चों ने कपड़े के थैले में नवजात को देखकर लोगों को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस बच्चे को पास के अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 28 फरवरी की है। पुलिस को दोपहर में सूचना मिली कि पटेल नगर रेलवे स्टेशन की एक दीवार के पास कपड़े के थैले में नवजात बच्चा पड़ा है। सूचना मिलते ही घटनास्थल के पास पहुंची पुलिस बच्चे को लेकर पास के राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

छानबीन में पता चला कि घटनास्थल के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे, बच्चों ने देखा कि दो महिला दीवार के पास आकर एक कपड़े का थैला फेंक कर गई हैं। उनके जाने के बाद बच्चों ने थैले में एक बच्चा देखा। बच्चों ने आस-पास के लोगों को बताया।

पुलिस को आशंका है कि लोक लाज से बचाने के लिए महिला ने बच्चे को जन्म देकर उसे फेंका है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। पुलिस आस-पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए महिलाओं की पहचान करने में जुटी है।