किरतपुर। ग्राम बुड़गरा में कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने के आरोप में मदरसे को जिला अधिकारी के आदेश पर सील कर दिया। यह मदरसा 12 साल से बिना पंजीकरण चलाया जा रहा था। उप जिलाधिकारी कुंवर बहादुर सिंह ने यह कार्रवाई की।

ग्राम बुड़गरा में सरकारी कब्रिस्तान की जमीन पर 12 साल से एक मदरसा अवैध रूप से चल रहा था। मदरसा इस्लामिया अरबिया हादिम उल इस्लाम के नाम से संचालित किया जा रहा था। इसका संचालक जिया उल रहमान कर रहे थे। इसकी शिकायत ग्राम बुड़गरा के लेखपाल ने डीएम से की थी। डीएम के आदेश पर उप जिलाधिकारी कुंवर बहादुर सिंह ने कार्रवाई करते हुए मदरसे को सील कर दिया।

उप जिलाधिकारी ने बताया कि यह मदरसा 12 वर्ष से सरकारी संपत्ति पर अवैध रूप से बना हुआ था। इसका कोई पंजीकरण नहीं कराया गया था। इसलिए इस मदरसे पर सील करने की कार्रवाई की गई हैं। इस दौरान नायब तहसीलदार नजीबाबाद, लेखपाल आनंद कुमार, थाना प्रभारी तेजपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।