आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में महिला ने पूर्व प्रधान और एक दूसरे व्यक्ति पर तीन दिन तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला ने मंगलवार को थाना कागारौल में तहरीर दी। बताया कि वह शनिवार सुबह अपने गांव से अपनी ससुराल जा रही थी। तभी गांव के एक व्यक्ति का साला और पूर्व प्रधान ट्रक लेकर आया। लिफ्ट देने की बात कहकर महिला को ट्रक में बैठा लिया।

इसके बाद दोनों ने ट्रक को खेरागढ़ में एक जगह रोका। वहां से उन्होंने कोल्डड्रिंक ली। थोड़ा आगे चलने के बाद महिला को कोल्डड्रिंक पिला दी। महिला ने बताया कि उसके बाद उसे नींद आने लगी। वह सो गई। शाम को जब उसको होश आया तो उसके कपड़े अस्त व्यस्त थे। जब उन्होंने इसकी शिकायत उन लोगों से की, तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ट्रक को वहां से शमसाबाद क्षेत्र के किसी सुनसान जगह ले गए।

वहां पर ट्रक खड़ा करके तीन दिन तक लगातार बलात्कार करते रहे। सोमवार सुबह ट्रक का एक अन्य ड्राइवर आया। उसके कहने पर पूर्व प्रधान ने एक गाड़ी बुलाकर महिला को कागारौल भेज दिया। घर पहुंचकर महिला ने अपने परिजन को घटना की जानकारी दी। परिजन ने पूर्व प्रधान के घर जाकर शिकायत की, तो उसने महिला के भाई और पिता को पीट दिया। पीड़ित ने थाना कागारौल में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

भाई ने बताया कि सोमवार शाम को ही उन लोगों ने थाना कागारौल में तहरीर दे दी थी, लेकिन पुलिस ने राजीनामा के लिए दबाव बनाया। मंगलवार जब पूर्व प्रधान को पता चला के उसके खिलाफ महिला ने तहरीर दे दी है तो मंगलवार को फिर पूर्व प्रधान ने पीड़ित महिला के परिजन के साथ मारपीट की।

पीड़ित ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी तथा मंगलवार को दोबारा थाने पहुंचे जहां से वह निराश होकर लौट गए। थाना अध्यक्ष कागारौल राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हुई है जांच की जा रही है।