अमरोहा।  अमरोहा जिले में तेंदुओं का आतंक बरकरार है। अब तेंदुए ने पूरनपुर गांव के जंगल में बछड़े को निवाला बना लिया। यह देखकर पास ही खेत पर काम कर रही महिला बेहोश हो गई। गनीमत रही तेंदुए ने महिला को नहीं देखा। आसपास के खेतों पर काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे, तो तेंदुआ गन्ने के खेत में छिप गया।

तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है। पूरनपुर डिडौली कोतवाली क्षेत्र का गांव है। गांव निवासी किसान राजवीर सिंह की पत्नी सर्वेश देवी शनिवार सुबह खेत पर चारा लेने गई थी। सर्वेश देवी ने खेत के पास ही तेंदुए को बछड़े का शिकार करते हुए देख लिया।

तेंदुए ने बछड़े को गर्दन पर हमला कर मार डाला। यह देखकर महिला बेहोश हो गईं। पास ही खेत पर काम कर रहे किसान नेपाल सिंह दौड़कर पहुंचे और सर्वेश देवी को उठाया। गनीमत रही तेंदुए ने सर्वेश को नहीं देखा, नहीं तो हमला भी कर सकता था। किसी तरह नेपाल और सर्वेश देवी गांव पहुंचे और ग्रामीणों को जानकारी दी।

कुछ देर में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उसी स्थान पर पहुंचे जहां तेंदुआ देखा गया था, लेकिन शोर सुनकर तेंदुआ गन्ने के खेत में छिप गया। ग्रामीणों ने तेंदुए को तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। डीएफओ एसपी सिंह में ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की बात कही है।

रजबपुर क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक बरकरार है। अब तेंदुए ने मंगूपुरा गांव के जंगल में बकरी को मार डाला। ग्रामीणों ने बकरी के अवशेष पड़े देख तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। तेंदुए को लेकर जिलेभर के ग्रामीणों में दहशत है।

वन विभाग के अधिकारी तेंदुए को पकड़ने में नाकाम साबित हो रहे हैं। वहीं, क्षेत्र में ही एक तेंदुए का जोड़ा भी देखने की बात सामने आई है, जिसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। अमरोहा जिले में पिछले कई महीनों से तेंदुए की आहट बरकरार है। आए दिन तेंदुआ अलग-अलग स्थानों पर दिखाई दे रहा है।

जिले में तेंदुए के घूमते दिखाई देने के कई वीडियो सामने आए है, लेकिन अभी तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है। हालांकि, वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे भी लगाए हैं। अब रजबपुर थाना क्षेत्र के मंगूपुरा गांव के जंगल में तेंदुए ने बकरी को निवाला बना लिया। गांव निवासी शुभम का बकरी फार्म है।

बृहस्पतिवार रात तेंदुआ एक बकरी को उठाकर ले गया। शुक्रवार सुबह बकरी को तलाश किया, तो थोड़ी दूर पर बकरी के अवशेष पड़े मिले। खेत में तेंदुए के पंजे के निशान बने थे। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर वन विभाग की टीम भी पहुंची।