नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर-भारत में एक बार फिर चुभती-जलती गर्मी का अहसास होने लगा है। अक्टूबर के महीने में भी लोगों के पसीने निकल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। बारिश की होने की कोई संभावना नहीं है। तापमान में बढ़ोतरी के चलते गर्मी में और इजाफा होगा। वहीं 6 से 9 अक्टूबर आसमान साफ रहेगा। कभी कभार बादल की हल्की परत दिखाई दे सकती है। स्काईमेट के अनुसार मॉनसून की वापसी के बाद अब राजधानी गर्म हो रही है।
यूपी समेत कई राज्यों में मॉनसून की विदाई हो चुकी है और धूप और गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके अलावा हरियाणा, राजस्थान,हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में भी मॉनसून की विदाई हो चुकी है और कल भी धूप और गर्मी जारी रहेगी। अक्टूबर के महीने में बढ़ता तापमान काफी हैरान करने वाला है। आमतौर पर अक्टूबर के महीने में हल्की-हल्की ठंड का अहसास होता है। लेकिन अभी भी उत्तर भारत में गर्मी से बचने के लिए लोग एसी चला रहे हैं।
बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में शुक्रवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मौसम प्रणाली के प्रभाव के कारण उप-हिमालयी जिलों में शनिवार तक भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। उन्होंने कहा कि कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के जिलों में भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने कहा कि पहाड़ी जिलों दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो सकता है।